बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभागों को अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभागों के नए लक्ष्य तय होने वाले हैं, ऐसे में सभी अधिकारी अभी से अपनी तैयारियां शुरू कर लें। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें कार्य में सुधार कर गति बढ़ाने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने के कार्यों को तेज करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं की शासन स्तर पर नियमित समीक्षा होती है, उनमें बेहतर प्रगति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में देवयानी, डॉ. विश्राम सिंह, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












