बरेली। बहेड़ी नगर पंचायत क्षेत्र में मोहम्मदपुर चौराहा से रुड़की जाने वाला मार्ग पिछले कई वर्षों से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर गहरे गड्ढे हो चुके हैं और कंक्रीट उखड़कर केवल मिट्टी ही बची है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बहेड़ी का यह मार्ग शिक्षा हब के रूप में भी जाना जाता है, क्योंकि इसी रास्ते पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजकीय आईटीआई, असीसी कॉन्वेंट इंटर कॉलेज और रशीद मेमोरियल हाई स्कूल जैसे कई प्रमुख शिक्षण संस्थान स्थित हैं। प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं इसी मार्ग से होकर स्कूल और कॉलेज आते-जाते हैं।
बारिश के दिनों में सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे यह मार्ग दलदल में बदल जाता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क की मरम्मत के लिए कई बार लिखित शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय निवासी और शिक्षक रेहान अहमद खान ने बताया कि छोटे-बड़े सैकड़ों बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं और जलभराव व गड्ढों के कारण कई बार हादसे होते-होते बचे हैं। वहीं शिक्षक चंद्रसेन श्रीवास्तव ने कहा कि इस संबंध में मंडी समिति के सचिव और क्षेत्रीय सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद से भी शिकायत की गई है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि छात्रों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।












