बरेली(फतेहगंज पश्चिमी)। कस्बे में स्थित सुधा गैस सर्विस (Indian Oil Corporation की गैस एजेंसी) पर गुरुवार को सर्वर डाउन होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह से ही एजेंसी पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण गैस वितरण नहीं हो सका। इससे एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए और उपभोक्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।
जानकारी के अनुसार पंडित प्रवन पांडे, बबलू सैनी, अजय गुप्ता, मुदित प्रताप सिंह, मयंक अग्रवाल, कुंज बिहारी लाल, विक्रांत रावत, विमला देवी, करुणा शर्मा, कंचन सिंह, माया देवी और सोनी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्जनों उपभोक्ता सुबह से ही लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। तेज धूप में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा घंटों तक बैठे रहे, लेकिन सर्वर की समस्या के कारण किसी को भी गैस सिलेंडर नहीं मिल सका। कई उपभोक्ता मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर हो गए।
शाही से आए साजिद हुसैन ने बताया कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले गैस की बुकिंग कर ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद अभी तक सिलेंडर नहीं मिला। वहीं मुख्तियार ने बताया कि वह तीन दिन से एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
नल नगरिया से आए काशीराम ने बताया कि वह भी तीन दिन से परेशान हैं। कल किताब जमा होने के बाद भी दोपहर में वापस कर दी गई। आज फिर से किताब जमा कर दी है, लेकिन सिलेंडर मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही।
इसी तरह तिलियापुर से आईं लाड़ो और नजमा ने बताया कि रोजा होने के बावजूद उन्हें धूप में बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है। चिटौली के अनमोल कश्यप ने बताया कि उनकी बुकिंग करीब 10 दिन पहले हो चुकी है, लेकिन अब तक सिलेंडर नहीं मिल पाया।
इस संबंध में गैस एजेंसी के मैनेजर मोहन स्वरूप ने बताया कि सर्वर ऊपर से ही डाउन है, जिसके कारण गैस वितरण नहीं हो पा रहा है। जैसे ही सर्वर ठीक होगा, उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर का वितरण शुरू कर दिया जाएगा। फिलहाल सर्वर की समस्या के चलते उपभोक्ताओं को घंटों धूप में इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वर की समस्या ठीक कर गैस वितरण शुरू कराया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।












