पीलीभीत। जिले में भले ही रसोई गैस की किल्लत न होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन उपभोक्ताओं को सिलिंडर पाने के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। ऑनलाइन बुकिंग में ओटीपी न आने और तकनीकी दिक्कतों के कारण उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार शहर, जहानाबाद, बीसलपुर, पूरनपुर आदि कस्बों में ग्राहकों की सिलिंडर प्राप्त करने की समस्या बनी हुई है। बृहस्पतिवार को जहानाबाद की एजेंसी पर बड़ी भीड़ जमा हुई, लेकिन उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल सका। कई लोगों ने बताया कि बुकिंग का ओटीपी ही नहीं आ रहा।
जिले में कुल 39 गैस एजेंसियां हैं, जिनमें से 6 शहर में संचालित हैं। घरेलू गैस के 4.68 लाख और कमर्शियल गैस के 678 उपभोक्ता हैं। कुछ मामलों में सिलिंडर की कालाबाजारी की शिकायतें भी मिलीं। बीसलपुर में कुछ लोगों ने गैस की कमी का अनुचित फायदा उठाकर सिलिंडर ब्लैक में बेचे।
मनोज शर्मा ने बताया कि नेटवर्क की खराबी ऊपर से है और उम्मीद है कि जल्द ही यह ठीक हो जाएगा, जिसके बाद रसोई गैस का वितरण सामान्य होगा।
जिला पूर्ति अधिकारी विकास कुमार ने कहा कि घरेलू गैस सिलिंडर की कोई किल्लत नहीं है। वितरण प्रक्रिया पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी प्रणाली लागू की गई है। बुकिंग में किसी तरह की समस्या नहीं मिली और दूसरे सिलिंडर की बुकिंग 25 दिन बाद ही संभव है।
अफवाहों और संभावित अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन और पुलिस सतर्क है। बुधवार को विक्रम दहिया ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें निर्देश दिए कि रोजाना स्टॉक की जानकारी रखें और केवल ओटीपी के माध्यम से सिलिंडर वितरित करें। सभी हॉकरों को कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग या घटतौली से दूर रहने को कहा गया। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी और दीपक चतुर्वेदी भी मौजूद थे।












