गैस सिलेंडर की देरी या अधिक वसूली की शिकायत अब एक कॉल पर, जिला पूर्ति विभाग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

बरेली। एलपीजी गैस की आपूर्ति में देरी, डिलीवरी में लापरवाही और तय कीमत से अधिक वसूली की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, जिस पर लोग सीधे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

अक्सर देखा जाता है कि गैस एजेंसियों की लापरवाही के कारण उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पाता। कई बार बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर निर्धारित कीमत से अधिक पैसे वसूलने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग ने 9456667774 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर गैस बुकिंग, डिलीवरी में देरी, आपूर्ति में समस्या या अधिक कीमत वसूले जाने से संबंधित शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभाग के अनुसार यह हेल्पलाइन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कार्यदिवसों में सक्रिय रहेगी। शिकायत मिलने पर संबंधित मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को राहत देने और गैस एजेंसियों की मनमानी पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह हेल्पलाइन शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि यदि किसी एजेंसी के खिलाफ लापरवाही या अधिक वसूली की शिकायत सही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जिले के सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें। यदि कहीं भी अधिक वसूली, देरी या अन्य परेशानी सामने आए तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते समस्या का समाधान कराया जा सके।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें