बरेली में पहले दिन 850 युवाओं ने लगाई दौड़, 550 रहे सफल

बरेली। जाट रेजीमेंट सेंटर में भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत टेक्निकल पदों के लिए बुधवार को पहले दिन 12 जिलों के 850 युवाओं ने दौड़ लगाई। इनमें से 550 युवाओं ने सभी शारीरिक दक्षता परीक्षण पास कर अपनी काबिलियत दिखाई। सफल अभ्यर्थियों को गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के लिए बुलाया गया है। भारतीय सेना में अग्निवीर योजना के तहत टेक्निकल, लिपिक और जनरल ड्यूटी पदों पर भर्ती के लिए यह रैली आयोजित की जा रही है, जो 23 मार्च तक चलेगी। पहले दिन 1094 युवाओं को शामिल होना था, लेकिन 850 अभ्यर्थियों ने ही दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षणों में हिस्सा लिया।

मंगलवार रात से ही युवाओं का जाट रेजीमेंट सेंटर पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह होते ही भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं का प्रवेश शुरू कर दिया गया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए रेजीमेंट सेंटर के सामने हाईवे पर यातायात को वन-वे कर दिया गया है, जो 23 मार्च तक लागू रहेगा।

सुरक्षा के लिए दो प्लाटून पीएसी के साथ पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी। सेना की इंटेलिजेंस यूनिट भी लगातार निगरानी करती रही। जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया और रेजीमेंट के बाहर भीड़ इकट्ठा नहीं होने दी गई।

भर्ती रैली में आने वाले युवाओं की सुविधा के लिए शहर में संचालित 25 ई-बसों को रेलवे स्टेशन और बस अड्डों से जाट रेजीमेंट सेंटर तक चलाया गया, जिनमें अधिकांश बसें भरी हुई चलीं।

वहीं दूसरी ओर कुछ ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा अभ्यर्थियों से अधिक किराया वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आईं। सीतापुर के अभ्यर्थी गौरव राठौर ने बताया कि सेटेलाइट बस अड्डे से जाट रेजीमेंट सेंटर तक ऑटो चालक ने उनसे 50 रुपये किराया लिया।

सेना भर्ती कार्यालय बरेली के अंतर्गत बरेली, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, सीतापुर, संभल, पीलीभीत और हरदोई जिलों के युवाओं ने पहले दिन दौड़ और अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। 11 और 12 मार्च को टेक्निकल और लिपिक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी, जबकि 13 से 23 मार्च तक जनरल ड्यूटी पदों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें