एलपीजी संकट के बीच डीएम हुए सख्त, कालाबाजारी करने वालों पर गिरेगी गाज

बरेली। जिले में एलपीजी गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी की खबरों के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को तेल एवं गैस कंपनियों और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में तीनों तेल कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बताया कि जिले में एलपीजी सिलिंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों ने बताया कि नए नियम के तहत गैस सिलिंडर की रिफिल अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। साथ ही वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी व्यवस्था लागू की गई है, जिससे कालाबाजारी की संभावना कम होगी। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस एजेंसियों के दैनिक स्टॉक की नियमित मॉनीटरिंग की जाए। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण कर जांच करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या जमाखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले में गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनहित में कंट्रोल रूम नंबर भी जारी किए गए हैं, जहां उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुक कराने के लिए गैस एजेंसी या गोदाम जाने की जरूरत नहीं है। लोग घर बैठे ही फोन कॉल, मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन माध्यमों से आसानी से सिलिंडर बुक कर सकते हैं। बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम न्यायिक देश दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी तृप्ति, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें