बरेली में शीशा-कांच मिश्रित मांझे पर पुलिस का शिकंजा, 9 आरोपी गिरफ्तार; 15 चरखी बरामद

बरेली : आमजन, पशु-पक्षियों और पर्यावरण के लिए खतरा बने अधोमानक एवं शीशा-कांच मिश्रित मांझे के खिलाफ बरेली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना किला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर मिलावटी मांझा तैयार करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 चरखी अधोमानक/मिलावटी मांझा, सफेद व काला पाउडर तथा शीशा/कांच लेपित घोल बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अधोमानक एवं मिलावटी मांझे के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना किला क्षेत्र के कुछ स्थानों पर चोरी-छिपे शीशा/कांच मिश्रित घोल, सफेद पाउडर और काले पाउडर का इस्तेमाल कर मांझा तैयार किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वालेनगर लाइनपार स्थित सैय्यद शाह की मजार के पास छापेमारी कर मोहम्मद नवाज और मोहम्मद कासिम खान को गिरफ्तार किया। इसके बाद प्याले शाह बाबा की मजार के पीछे पोपलर की बगिया से मो. वसीम, मो. रशीद, सलीम, जाहिद और दिलशाद को पकड़ा गया। वहीं जागृति विहार कॉलोनी, स्वालेनगर, रामपुर रोड स्थित कब्रिस्तान के पास से मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार किया गया।
15 चरखी मांझा समेत पाउडर और शीशा लेपित घोल बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 15 चरखी अधोमानक/मिलावटी मांझा, दो पन्नी सफेद पाउडर, दो पन्नी काला पाउडर और दो पन्नी शीशा/कांच लेपित घोल बरामद किया है। बरामद सामग्री को परीक्षण के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी-छिपे शीशा/कांच लेपित घोल, सफेद और काले पाउडर आदि का इस्तेमाल कर अधोमानक एवं मिलावटी मांझा तैयार करते थे और उसे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे।
तीन मुकदमे दर्ज
मामले में पुलिस ने तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 311/2026, 312/2026 और 313/2026 के तहत धारा 223, 285, 291, 293 बीएनएस तथा धारा 15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि शीशा एवं कांच मिश्रित मांझा राहगीरों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसके इस्तेमाल से दुर्घटनाओं और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है। पुलिस ने ऐसे मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।
गिरफ्तार आरोपी
मोहम्मद नवाज, मोहम्मद कासिम खान, मो. वसीम, मो. रशीद, सलीम, जाहिद, दिलशाद, मोहम्मद उस्मान और मोहम्मद यासीन को गिरफ्तार किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में थानाध्यक्ष अचल कुमार के साथ उपनिरीक्षक वकार अहमद, उपनिरीक्षक पवन कृष्ण यादव, उपनिरीक्षक मनवीर सिंह, उपनिरीक्षक नौमित नागर, हेड कांस्टेबल विजय पाल, हेड कांस्टेबल धनीराम वर्मा, कांस्टेबल नरेश चौधरी, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल विशाल त्यागी और कांस्टेबल राजन कुमार शामिल रहे।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें