बरेली, 5 सितंबर। जनपद में अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार के साथ थाना सिरौली क्षेत्र की चौकी बड़ागांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सर्किल मीरगंज क्षेत्र में आतिशबाजी लाइसेंस धारकों के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण स्थलों की भी जांच की गई।
एसपी साउथ ने चौकी बड़ागांव के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए चौकी की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता के साथ कार्य करने को कहा।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने आतिशबाजी लाइसेंस धारकों के प्रतिष्ठानों और संबंधित स्थलों पर पहुंचकर लाइसेंस, दस्तावेजों और निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की। अधिकारियों ने पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने लाइसेंस धारकों को निर्देश दिए कि आतिशबाजी के निर्माण और भंडारण के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और लाइसेंस की शर्तों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध पटाखा निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











