तीन बच्चों को किया गायब, दूसरी महिला का बेटा लेकर भागी आरोपी गिरफ्तार

बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही तीन बच्चों को गायब कर दिया और दूसरी महिला का बच्चा लेकर फरार हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से दो बच्चों को बरामद किया है, जो उसके नहीं हैं।

कैसे हुआ पूरा मामला

फरीदपुर थाने में हरदोई जिले के देहात थाना क्षेत्र के गांव मिरगंवा निवासी सुनभला कुमारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 मार्च को वह अपने नौ माह के बेटे अरुण के साथ ससुराल से निकली थी। पति से विवाद होने के कारण उसके पास किराए के पैसे भी नहीं थे।

बस में यात्रा के दौरान एक महिला ने उसकी मदद करते हुए टिकट लिया और सहानुभूति जताते हुए उसे अपने घर ले गई। सुनभला दो दिन तक उसके साथ रही। इसके बाद आरोपी महिला उसे अपने साथ बरेली लेकर आई।

भरोसे का फायदा उठाकर वारदात

फरीदपुर बस स्टैंड पर आरोपी महिला ने पहले मोबाइल ठीक कराने का बहाना किया और फिर बैंक जाने की बात कहकर सुनभला से उसका बच्चा ले लिया। उसने कहा कि बच्चे के साथ उसका काम जल्दी हो जाएगा। भरोसा करके सुनभला ने अपना नौ माह का बेटा उसे दे दिया, लेकिन महिला वापस नहीं लौटी।

काफी इंतजार के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की।

ऐसे हुई गिरफ्तारी

रविवार को पुलिस ने फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के खनी नवादा गांव से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो बच्चे बरामद हुए, जो उसके नहीं थे।

आरोपी महिला का चौंकाने वाला खुलासा

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिला बिंदा उर्फ रंजना, मूल रूप से पडरौना की रहने वाली है और उसने तीन शादियां की हैं।

पहली शादी के बाद उसने पति को छोड़ दिया

दूसरी शादी मेरठ में की, जहां भी वह स्थायी रूप से नहीं रही

करीब छह साल पहले तीसरी शादी खनी नवादा निवासी गुड्डू से की

गुड्डू ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद उनके तीन बच्चे हुए, लेकिन हर बार डिलीवरी के समय आरोपी महिला मायके चली जाती थी और वापस खाली हाथ लौटती थी। पूछने पर वह कहती थी कि बच्चे मायके में छोड़ आई है।

बच्चों को गायब करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने अपने तीनों बच्चों को गायब कर दिया। जब पति ने दबाव बनाया तो वह हरदोई की महिला का बच्चा और मेरठ में अपने दूसरे पति की दूसरी पत्नी का बच्चा लेकर आई और उन्हें अपना बताया।

तीसरे बच्चे को मायके में छोड़ने की बात कहकर उसने अपने पति को बहलाया।

जांच जारी, कई सवाल बाकी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ क्या किया। आशंका जताई जा रही है कि उसने बच्चों को कहीं बेच दिया हो सकता है।

पुलिस ने मेरठ निवासी दूसरे पति को भी बुलाया है, ताकि उसके बच्चे की पहचान कर उसे सौंपा जा सके।

फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम के अनुसार, आरोपी महिला से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को जेल भेजेगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें