ईद के दिन दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार बुलेट सवार युवक की मौत

बरेली। ईद के दिन तेज रफ्तार एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। सिरौली-अलीगंज मार्ग पर हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार 20 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह उमंग पेट्रोल पंप के पास हुआ। तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने आगे चल रही दूसरी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान गुलफाम (20) की मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज जारी है।

परिजनों के मुताबिक, खैलम देहजागीर निवासी गुलफाम अपने साथी नूर हसन अंसारी (18) के साथ ईद की नमाज अदा करने के बाद अलीगंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। दूसरी बाइक सवार भूपेंद्र भी वजीरगंज की ओर जा रहा था, तभी दुर्घटना हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट सवार युवक तेज रफ्तार में थे और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे से पहले उनकी बाइक एक ऑटो से टकराने से बाल-बाल बची, लेकिन नियंत्रण खोने के बाद आगे चल रही बाइक से जा टकराई।

गुलफाम छह भाइयों में पांचवें नंबर का था और अलीगंज में फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। उसके पिता अबरार दिल्ली में मसालों का कारोबार करते हैं। ईद के दिन हुई इस घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें