बरेली। भोजीपुरा क्षेत्र में रविवार देर रात पुलिस और गौकशी की तैयारी कर रहे बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। बदमाशों की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।
पुलिस के अनुसार देर रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि पचौरी पेट्रोल पंप के सामने स्थित सरकारी नलकूप के पास दो संदिग्ध युवक गौवंशीय पशु के वध की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। करीब 1:50 बजे पुलिस के करीब पहुंचते ही दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
गोलीबारी के दौरान आरक्षी सुमित कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल आरोपी की पहचान कल्लू उर्फ कलुवा पुत्र इब्राहीम निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी जफर उर्फ रमन कालिया के साथ मिलकर आवारा गौवंशीय पशु का वध करने की योजना बना रहा था। इसी दौरान पुलिस पहुंच गई और गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कल्लू उर्फ कलुवा पर गौकशी, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसे लंबे समय से तलाश रही थी।
मुठभेड़ में घायल आरोपी और घायल आरक्षी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।












