**बरेली।** आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने बरेली में राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। जिले की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को सक्रिय करने के उद्देश्य से पार्टी की ओर से PDA (पीडीए) जनचेतना पदयात्रा निकाली जा रही है। इस अभियान के जरिए सपा कार्यकर्ता रोजगार, लोकतंत्र, संविधान और कथित वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं।
बरेली में पदयात्रा की शुरुआत 22 नवंबर को फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से हुई थी। इसके बाद समाजवादी पार्टी महानगर कमेटी की ओर से बरेली कैंट विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा निकाली गई। इसमें पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, महिलाओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
### पार्टी कार्यालय से घंटाघर तक निकली पदयात्रा
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय से शुरू हुई पदयात्रा पटेल चौक, नावेल्टी चौराहा, जिला अस्पताल रोड और कुतुबखाना होते हुए घंटाघर पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ता पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टर लेकर चलते नजर आए।
पदयात्रा में सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी समेत शहर और कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए।
### रोजगार और वोट चोरी के मुद्दे पर लगाए नारे
पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में रोजगार, लोकतंत्र और कथित वोट चोरी से जुड़े पोस्टर और तख्तियां दिखाई दीं। इनमें ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और ‘डिग्री नहीं, अब रोजगार चाहिए, हर युवा को काम और अधिकार चाहिए’ जैसे नारे लिखे थे।
सपा नेताओं ने प्रदेश सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए युवाओं को रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे पर जागरूक करने की बात कही।
### सुप्रिया ऐरन बोलीं- जनता के बीच पहुंचना है उद्देश्य
कैंट विधानसभा क्षेत्र से चुनावी तैयारी कर रहीं पूर्व मेयर एवं सपा नेता सुप्रिया ऐरन भी अपने समर्थकों के साथ पदयात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच पहुंचना, लोगों को जागरूक करना और उनके मुद्दों को मजबूती से उठाना है। समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ राजनीतिक मैदान में डटी हुई है।
### संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर सरकार को घेरा
सुप्रिया ऐरन ने कहा कि समाजवादी पार्टी वोट चोरी, लोकतंत्र के कथित हनन और संविधान से जुड़े सवालों को लगातार उठा रही है। इन मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी और लोगों को जागरूक करेगी।
पूर्ववर्ती अखिलेश यादव सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों को गिनाएगी। साथ ही मौजूदा सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल की कमियों और व्यवस्थाओं को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
### विधानसभा चुनाव से पहले सपा ने तेज किया जनसंपर्क
PDA जनचेतना पदयात्रा को समाजवादी पार्टी की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। इस अभियान के जरिए जिले की सभी विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रिय करने की रणनीति बनाई गई है। पदयात्रा के माध्यम से सपा नेता रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे मुद्दों को लेकर जनसमर्थन जुटाने में लगे हैं।









