**बरेली।** स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने के लिए कार्यालय पहुंच रहे जरूरतमंदों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि कार्यालय में दिव्यांगों के लिए व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है।
प्रमाणपत्र बनवाने की उम्मीद लेकर पहुंच रहे दिव्यांगों को हर बार नई तारीख देकर वापस लौटा दिया जाता है। इससे उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शारीरिक परेशानी के बावजूद उन्हें जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले में जिम्मेदार नोडल अधिकारी डॉ. राकेश और सीएमओ भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। ऐसे में दिव्यांगों की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने वाला जिम्मेदार अधिकारी कौन है, यह सवाल खड़ा हो रहा है।
दिव्यांगों को सरकारी कार्यालयों में सम्मानजनक व्यवहार और बुनियादी सुविधाएं मिलना जरूरी है। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और दिव्यांगों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाता है।









