बरेली। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और शहर में जगह-जगह जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर सोमवार, 7 सितंबर को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रहेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता के मुताबिक यह आदेश जिले के यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों पर लागू होगा।
दो घंटे की बारिश में पानी-पानी हुआ बरेली
रविवार दोपहर करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी। कई प्रमुख सड़कों और मोहल्लों में घुटनों तक पानी भर गया। दरगाह आला हजरत मोड़, मलूकपुर बजरिया, सौदागरान और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए। कई स्थानों पर सड़क का पानी दुकानों और घरों तक पहुंच गया। दुकानदार यासीन रजा ने बताया कि पानी दुकान के अंदर घुसने से सामान खराब होने की स्थिति बन गई और कारोबार प्रभावित हुआ।
जलभराव के कारण सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने से कई दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर गए। कई वाहन पानी में बंद हो गए, जिन्हें लोगों ने धक्का देकर बाहर निकाला। वहीं, दरगाह के पास पानी में गिरी एक महिला को दुकानदार ने सुरक्षित बाहर निकाला।
पॉश इलाकों से पुराने शहर तक जलभराव
बारिश के बाद बमनपुरी, मॉडल टाउन, स्टेडियम रोड, डीजीपुरम और डेलीपीर चौराहा भी जलमग्न नजर आए। सिविल लाइंस स्थित विकास भवन रोड पर भी पानी भर गया। सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सड़कें भी जलभराव से प्रभावित रहीं।
पुराने शहर के कांकरटोला में तेज बारिश के दौरान कब्रिस्तान की दीवार गिर गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई इसकी चपेट में नहीं आया।
लगातार बारिश और जलभराव के बीच बच्चों के स्कूल आने-जाने में संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सोमवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया है।
संवाददाता रोहिताश कुमार











