बरेली। देवरनियां थाना क्षेत्र के खाता गांव में जन्माष्टमी की शोभायात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गांव के पास नहर में पैर फिसलने से 15 वर्षीय शनि मौर्य पानी में डूब गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से उसे नहर से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। किशोर की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गय
गांव के प्रशासक दीपप्रकाश ने बताया कि शनिवार को गांव में जन्माष्टमी के अवसर पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान शनि मौर्य गांव के पास नहर की ओर चला गया। अचानक पैर फिसलने से वह नहर में गिर गया और पानी में डूब गया।
शनि के नहर में गिरने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कराया। गोताखोरों की मदद से किशोर को नहर से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनि मौर्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक की मां पूनम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार शनि दो भाइयों में सबसे बड़ा था और कक्षा सात में पढ़ता था। किशोर की मौत के बाद पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।











