बरेली। खुसरो कॉलेज के चेयरमैन शेर अली जाफरी पर उनके निजी गनर योगेश गुप्ता ने बकाया वेतन मांगने पर ऑफिस में बंधक बनाकर मारपीट करने और चाकू से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक मारपीट के दौरान उसकी कलाई में चाकू लगने से चोट आई। मामले में एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सीबीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
योगेश गुप्ता का कहना है कि वह करीब एक साल से शेर अली जाफरी के यहां निजी गनर के तौर पर काम कर रहा था। उसकी मासिक सैलरी 28 हजार रुपये तय थी। पीड़ित ने दावा किया कि 1 मार्च से 22 अगस्त 2026 तक करीब 1,60,533 रुपये का वेतन बकाया था। कई बार भुगतान मांगने के बावजूद उसे रकम नहीं दी गई।
योगेश के अनुसार, 21 अगस्त को वह शेर अली जाफरी के साथ उनके डिग्री कॉलेज बाकरगंज, जहानाबाद, पीलीभीत गया था। अगले दिन वह सीबीगंज स्थित खुसरो पीजी कॉलेज पहुंचा। दोपहर करीब 12 बजे उसने बकाया वेतन की मांग की तो विवाद हो गया।
ऑफिस में बंद कर मारपीट का आरोप
गनर का आरोप है कि बकाया रुपये मांगने पर शेर अली जाफरी नाराज हो गए और गाली-गलौज के बाद उसे ऑफिस के अंदर बंद कर दिया गया। इसके बाद डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई।
योगेश ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान ऑफिस में रखा घास काटने वाला चाकू उठाकर उस पर हमला किया गया। बचाव करने के दौरान उसकी कलाई पर चाकू लग गया और वह घायल हो गया। पीड़ित ने जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
एसएसपी के निर्देश पर दर्ज हुआ मुकदमा
योगेश के मुताबिक घटना के दिन वह सीबीगंज थाने पहुंचा था, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की। एसएसपी के निर्देश के बाद सीबीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस अब मारपीट, धमकी और चाकू से चोट पहुंचाने समेत शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
शेर अली जाफरी ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, शेर अली जाफरी ने गनर के सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि योगेश ने उनके यहां करीब दो माह कुछ दिन काम किया था और उसका भुगतान चेक के माध्यम से किया जा चुका है।
शेर अली जाफरी के मुताबिक उन्होंने योगेश के खिलाफ अदालत में मुकदमा भी दर्ज कराया है। उन्होंने बंधक बनाने, मारपीट करने और चाकू से हमला करने के आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
जांच के बाद साफ होगी सच्चाई
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। एक तरफ गनर ने बकाया वेतन मांगने पर बंधक बनाकर मारपीट और चाकू से घायल करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरी तरफ शेर अली जाफरी ने आरोपों को निराधार बताया है। पुलिस जांच, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
संवाददाता रोहिताश कुमार










