बरेली। जिले के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़गंज गांव में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे बनी झोपड़ी को तोड़ते हुए अंदर घुस गई और वहां सो रहे पांच मजदूरों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सभी मजदूर घायल हो गए, जबकि चालक कार सहित मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार घायल मजदूर भमोरा क्षेत्र के फिरोजपुर और किलोरा गांवों के निवासी हैं। वे बारादरी क्षेत्र के गोटिया इलाके में चल रहे आरसीसी सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे थे। दिनभर काम करने के बाद सभी मजदूर पहाड़गंज में सड़क से नीचे बनी अस्थायी झोपड़ी में सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब एक बजे एक अज्ञात कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और झोपड़ी को तोड़ते हुए सीधे मजदूरों के ऊपर चढ़ गई। हादसे के समय सभी मजदूर गहरी नींद में थे। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों की पहचान नन्हे पाल (45), जयपाल (33), उमेश (35), ठेकेदार श्रीराम (40) निवासी फिरोजपुर तथा अमर सिंह (35) निवासी किलोरा के रूप में हुई है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। हालांकि हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन समेत फरार हो गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार कार और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












