निकाह से पहले दुल्हन प्रेमी संग फरार, छोटी बहन का रिश्ता भी टूटा, बारातघर में जमकर बवाल

बरेली। बिथरी चैनपुर क्षेत्र में एक निकाह समारोह उस समय विवाद और हिंसा में बदल गया, जब निकाह से ठीक पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। परिवार ने सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए उसकी छोटी बहन का निकाह कराने का फैसला किया, लेकिन बारात पहुंचने के बाद उसका भी प्रेम प्रसंग सामने आ गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और शादी रद्द हो गई।

जानकारी के अनुसार, बिथरी चैनपुर क्षेत्र के एक गांव की युवती का निकाह पास के गांव के युवक से तय था। शनिवार को नरियावल स्थित बारातघर में निकाह होना था, लेकिन शुक्रवार रात युवती घर से जेवर लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया।

मामले को संभालने के लिए पंचायत बुलाई गई। घंटों चली बातचीत के बाद दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि दुल्हन की छोटी बहन का निकाह दूल्हे से करा दिया जाए। इसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को बारात बारातघर पहुंच गई।

हालांकि निकाह की रस्म शुरू होने से पहले दूल्हा पक्ष को जानकारी मिली कि छोटी बहन का भी किसी युवक से प्रेम संबंध है और वह भी यह शादी नहीं करना चाहती। यह बात सामने आते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारातघर में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। घायलों में दुल्हन की चचेरी बहन, उसका देवर और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हंगामे के बाद निकाह रद्द हो गया और दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के वापस लौट गया।

थाना बिथरी चैनपुर के प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें