बरेली में बनेंगी दो नई टाउनशिप, सरकार ने बीडीए को दिए 150 करोड़ रुपये

बरेली। प्रदेश सरकार ने शहर के विस्तार और आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए बड़ा निर्णय लेते हुए बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) को दो नई टाउनशिप के विकास हेतु 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। यह धनराशि मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण एवं नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत प्रदेश के 8 शहरों के लिए जारी कुल 425 करोड़ रुपये का हिस्सा है।

इस बजट से बीडीए 12 गांवों—आसपुर खूबचंद, अडूपुरा जागीर, अहिलादपुर, बरकापुर, कुम्हरा, कलापुर, मोहरनियां, नवदिया कुर्मियान, हरहरपुर सहित अन्य क्षेत्रों—की भूमि अधिग्रहित करेगा। इन भूखंडों पर भविष्य में आधुनिक सुविधाओं से लैस आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी।

20 वर्ष की अवधि के लिए दी गई यह राशि भूमि अधिग्रहण से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों को दूर करेगी। नई टाउनशिपों के विकसित होने से शहर का विस्तार होगा और आम नागरिकों को आवास के अधिक विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।

बीडीए अधिकारियों ने बताया कि तय गांवों में सर्वे एवं भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेज किया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली इस योजना को जल्द लागू किया जा सके।

बीडीए ने नीलामी से कमाए 140 करोड़ रुपये

बरेली विकास प्राधिकरण ने रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी कर करीब 140 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यह नीलामी 23 मार्च को बीडीए के नवीन कार्यालय भवन में आयोजित विशेष शिविर में संपन्न हुई।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मणिकंदन ए ने बताया कि तेजी से बढ़ती आवासीय मांग को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण नई टाउनशिप योजना को गति दे रहा है। प्रस्तावित नई टाउनशिप दिल्ली–लखनऊ बड़ा बाइपास और पीलीभीत बाइपास के मध्य लगभग 267 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित की जाएगी।

शिविर के दौरान सचिव वंदिता श्रीवास्तव, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव, विशेष कार्याधिकारी नीलम श्रीवास्तव, अजीत कुमार और अधिशासी अभियंता एपीएन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें