अतिक्रमण पर नगर निगम का बड़ा एक्शन, सात दिन का अंतिम नोटिस- नहीं हटाया तो चलेगा बुलडोजर

बरेली (सीबीगंज)। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए सीबीगंज क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। रामपुर रोड किनारे सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाईं गई दुकानों और खलीलपुर रोड पर बने मकानों को लेकर अंतिम नोटिस जारी कर दिया गया है। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिन के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बुलडोजर चलाकर निर्माण ध्वस्त कर दिए जाएंगे।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक रामपुर रोड के चौड़ीकरण कार्य में अवैध कब्जे सबसे बड़ी बाधा बन रहे हैं। गाटा संख्या 128 की जांच में पाया गया कि कई लोगों ने सरकारी जमीन पर टिनशेड डालकर कब्जा कर रखा है।

पहले भी नोटिस जारी हुए थे, लेकिन कब्जेदारों ने केवल अस्थायी निर्माण हटाकर औपचारिकता निभाई। अब संपत्ति विभाग ने आयुष गुप्ता, अमित गुप्ता समेत अन्य कब्जेदारों को अंतिम सात दिन का नोटिस दिया है।

इसी तरह सौरभ गुप्ता और गौरव गुप्ता द्वारा सरकारी जमीन पर टिनशेड और लोहे का ढांचा बनाकर कब्जा करने की पुष्टि भी हुई है। करीब तीन मीटर जमीन पर अब भी अतिक्रमण बना हुआ है। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि समयसीमा पूरी होते ही बिना किसी अतिरिक्त सूचना के ध्वस्तीकरण कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

उधर, खलीलपुर रोड पर अतिक्रमण कर बनाए गए लगभग 300 मकानों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है। पहले ही इन मकानों की पैमाइश कर लाल निशान लगाए जा चुके हैं, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। मंगलवार को नगर निगम टीम दोबारा मौके पर पहुंची और लोगों से जमीन के दस्तावेज मांगे। जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

कार्रवाई के दौरान गुप्ता मेडिकल स्टोर, माहेश्वरी मेडिकल स्टोर, ओंकारेश्वर भोजनालय, आहूजा साइकिल स्टोर, प्रगति मेडिकल स्टोर सहित कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। हाल ही में अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की नोकझोंक भी हुई, वहीं टीम ने 10 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा और तय समयसीमा के बाद सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें