बरेली। हरुनगला क्षेत्र में कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली खाद बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान मौके से चार ट्रक नकली खाद, लाल मिट्टी और अन्य कच्चा माल बरामद किया गया। साथ ही टीम ने खाद पैकिंग मशीन, रजिस्टर और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी कब्जे में लिए हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि नकली खाद को ‘ऑर्गेनिक पोटाश’ के नाम से पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था। इस खाद की सप्लाई बरेली के अलावा मुरादाबाद के ग्रामीण क्षेत्रों में भी की जा रही थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका है।टीम के पहुंचने की भनक लगते ही फैक्ट्री संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।फिलहाल फैक्ट्री को सील कर दिया गया है और जब्त सामग्री को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












