बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान शनिवार को बरेली पहुंचे, जहां उन्होंने आगरा, अलीगढ़ और बरेली मंडल के अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान मंत्री ने एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) के तहत ऋण वितरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।
मंत्री ने बैंकर्स और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि हर हाल में निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जाए और लोन स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 100 प्रतिशत गारंटी के साथ ऋण उपलब्ध करा रही है, ऐसे में पात्र युवाओं को समय पर लाभ मिलना चाहिए।
25 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने का निर्देश
राकेश सचान ने 25 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने का सख्त अल्टीमेटम दिया। साथ ही सभी जिलों में मेगा लोन कैंप आयोजित करने के निर्देश भी जारी किए, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ मिल सके।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
मंत्री ने कहा कि योजनाओं के लिए बजट की कोई कमी नहीं है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
गैस आपूर्ति पर स्थिति स्पष्ट
खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव के चलते गैस संकट की आशंकाओं पर मंत्री ने कहा कि प्रदेश में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
विपक्ष पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के मथुरा वाले बयान पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश अपराध का गढ़ था, जबकि वर्तमान सरकार में अपराध में करीब 60 प्रतिशत तक कमी आई है।
मंत्री ने यह भी विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।












