बरेली। जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित देवचरा निवासी नौ वर्षीय निदा को दिल में छेद का सफल ऑपरेशन कर नई जिंदगी मिली है। स्वास्थ्य विभाग की देखरेख में 22 फरवरी को अलीगढ़ जेएन मेडिकल कॉलेज में निशुल्क सर्जरी कराई गई। इलाज पूरा होने के बाद बच्ची अपने परिजनों के साथ बरेली लौट आई है।
जानकारी के अनुसार, निदा को जन्म से ही दिल में छेद की समस्या थी। भमोरा मोबाइल हेल्थ टीम के डॉ. अंशु मिश्रा और डॉ. सबा खान ने बच्ची की जांच की और उसे जिला अस्पताल रेफर किया। पुष्टि होने पर सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के निर्देशन में आरबीएसके नोडल अधिकारी डॉ. पवन कपाही ने सर्जरी के लिए निदा को परिजन समेत अलीगढ़ भेजा।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) जिला मैनेजर डॉ. पारस गुप्ता ने बताया कि बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि आरबीएसके के तहत जन्मजात हृदय रोग समेत कई गंभीर बीमारियों का इलाज निशुल्क किया जाता है और खर्च सरकार उठाती है।
आरबीएसके से कटे होंठ और तालू, टेढ़े पैर, दिल में छेद, न्यूरल ट्यूब डिफेक्ट, डाउन सिंड्रोम, मोतियाबिंद, बधिरता, हिप जॉइंट की समस्या, प्रीमैच्योर बच्चों की आंख की बीमारी, एनीमिया, कुपोषण, विटामिन की कमी, दंत, त्वचा, अस्थमा, कान-नाक-गला, मिर्गी, बोलने में देरी, सीखने में समस्या, ऑटिज्म, मानसिक मंदता, शारीरिक विकलांगता, क्षय रोग समेत अन्य जन्मजात दोष का उपचार निशुल्क कराया जाता है।
परिजन और अभिभावक अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर बच्चों का इलाज आरंभ करवा सकते हैं। अब तक सैकड़ों बच्चों को इस कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है।












