बरेली। थाना सुभाषनगर पुलिस ने हत्या के मामले में वांछित चल रहे 22 वर्षीय अभियुक्त बाबू उर्फ रोहित को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया है।
मारपीट के बाद चाकू से हमला करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त 2026 को वंशीनगला निवासी गुड़िया देवी ने थाना सुभाषनगर में तहरीर दी थी। आरोप है कि बाबू उर्फ रोहित, अमित उर्फ भज्जी, बाबू उर्फ रोहित की मां और आशीष मौर्य ने एकराय होकर उनके पति सचिन कश्यप के साथ मारपीट की।
आरोप है कि इसी दौरान बाबू उर्फ रोहित ने चाकू से सचिन कश्यप के सीने पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। साथ ही वादिनी और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
मामले में थाना सुभाषनगर पर मु0अ0सं0 592/2026, धारा 103(1), 115(2) और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में वांछित अभियुक्त आशीष मौर्य को 31 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
सराय तलफी रोड पर पुलिस से मुठभेड़
31 अगस्त की रात सुभाषनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मुकदमे में वांछित बाबू उर्फ रोहित श्मशान घाट मंदिर से सराय तलफी की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने सराय तलफी रोड पर घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबू उर्फ रोहित पुत्र राजेंद्र उर्फ राजू, निवासी वंशीनगला, थाना सुभाषनगर, जनपद बरेली, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 01 तमंचा 315 बोर, 01 खोखा कारतूस और 01 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 01 चाकू भी बरामद किया गया।
गोली लगने से घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां पुलिस हिरासत में उसका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मुठभेड़ और अवैध शस्त्र बरामदगी के संबंध में अलग से अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
संवाददाता रोहिताश कुमार











