बदायूं। शहर के खैराती चौक स्थित एक रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में रविवार को शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
खैराती चौक से सब्जी मंडी जाने वाली सड़क पर स्थित ‘ज्योति स्टोर्स’ नाम की रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में रविवार सुबह करीब 10 बजे आग लग गई। रविवार होने के कारण दुकान बंद थी। करीब 10:15 बजे आसपास के व्यापारियों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलते देख दुकान मालिक ज्योति वैश्य को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे दुकान मालिक ने शटर खोलने का प्रयास किया, लेकिन वह गर्म था। इसके बाद उन्होंने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचना दी। दमकल की पहली गाड़ी मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुकान की दीवार हटाकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। इसी दौरान आग दुकान की दूसरी मंजिल तक फैल गई, जिससे आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह, सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय और सदर कोतवाली व सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नगर पालिका की ओर से टैंकरों के माध्यम से लगातार पानी की सप्लाई कराई गई और चार अतिरिक्त फायर टेंडर भी बुलाए गए।

करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। हालांकि कपड़ों में आग लगने के कारण कई जगहों से धुआं और हल्की लपटें निकलती रहीं।
सीएफओ रामराजा यादव ने बताया कि पांच दमकल की गाड़ियां लगातार आग बुझाने में लगी रहीं। टीम ने कड़ी मेहनत से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
पीड़ित व्यापारी के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 40 से 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ईद की खरीदारी को देखते हुए दुकान में भारी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा गया था, जो आग में जलकर राख हो गया।
बताया जा रहा है कि दुकान के सामने से गुजर रहे बिजली के तारों से पहले भी कई बार चिंगारी निकलने की शिकायत की गई थी, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
घटना के बाद बाजार में चार घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए कई दुकानों को एहतियातन बंद करा दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल सिंह ने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन तहसील की टीम करेगी और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि पीड़ित व्यापारी को राहत दिलाई जा सके।












