बरेली। सीबीगंज के आजमपुर भल्लराऊ गांव में मां की डांट से नाराज होकर दो सगी बहनों के अचानक लापता हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। देर रात तक परिवार के लोग दोनों की तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
परिजनों ने अब दोनों बेटियों के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। मामला सीबीगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
खेत पर डांट के बाद घर से चली गईं बहनें
जानकारी के अनुसार परिवार के खेत में भिंडी की फसल की निराई का काम चल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर मां ने अपनी दोनों बेटियों को डांट दिया। बताया जा रहा है कि डांट से नाराज होकर दोनों बहनें चुपचाप वहां से चली गईं।
घर लौटने पर नहीं मिलीं बेटियां
शाम को जब मां खेत से घर लौटी तो दोनों बेटियां घर पर नहीं मिलीं। पहले तो परिजनों ने सोचा कि वे आसपास कहीं गई होंगी, लेकिन काफी देर तक कोई पता नहीं चलने पर परिवार में चिंता बढ़ गई।
देर रात तक तलाश, पुलिस से लगाई गुहार
परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने आसपास के इलाकों में दोनों की काफी तलाश की, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर दोनों की तलाश शुरू कराने की मांग की है।
घटना के बाद गांव में भी चिंता का माहौल बना हुआ है और लोग दोनों बहनों के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे हैं।












