बरेली। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को कक्षा एक से आठ तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. विनीता ने रविवार शाम इस संबंध में आदेश जारी किया।
बीएसए ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश जनपद के सभी बोर्डों के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
इसमें यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई से संबद्ध विद्यालयों के साथ-साथ परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, शासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त सभी स्कूल शामिल हैं।
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और आवागमन की समस्या उत्पन्न हो रही है। छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। सभी स्कूल संचालकों को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।











