नवोदय अस्पताल की आग ने खोली भवन नियमों की पोल, BDA जांच में स्वीकृत नक्शे से अलग मिली चौथी मंजिल

संवाददाता रोहिताश कुमार
बरेली। मिनी बाईपास स्थित नवोदय अस्पताल में लगी आग के बाद अब अग्नि सुरक्षा के साथ भवन निर्माण नियमों की अनदेखी का मामला भी सामने आया है। बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की जांच में अस्पताल की चौथी मंजिल स्वीकृत मानचित्र के विपरीत मिली। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने चौथी मंजिल को सील कर दिया है। कार्रवाई के बाद शहर के अन्य अस्पताल भी BDA की जांच के दायरे में आ गए हैं।
तीन मंजिल का नक्शा, चौथी मंजिल का चल रहा था निर्माण
अस्पताल भवन के लिए तीन मंजिल का मानचित्र स्वीकृत बताया गया है, जबकि मौके पर चौथी मंजिल का निर्माण कराया जा रहा था। रक्षाबंधन के दौरान चौथी मंजिल पर आग लगने के बाद यह मामला BDA के संज्ञान में आया।
BDA उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के निर्देश पर टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। स्वीकृत मानचित्र से अतिरिक्त निर्माण मिलने के बाद चौथी मंजिल को सील कर दिया गया।
निर्माण की निगरानी पर भी उठे सवाल
अतिरिक्त निर्माण सामने आने के बाद अब BDA यह भी जांच कर रहा है कि चौथी मंजिल का निर्माण कब शुरू हुआ और निर्माण के दौरान निगरानी की जिम्मेदारी किस अधिकारी या कर्मचारी की थी।
क्षेत्रीय सुपरवाइजर, अवर अभियंता और सहायक अभियंता की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है। जांच में लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
शहर के दूसरे अस्पतालों की भी खुलेंगी पुरानी फाइलें
नवोदय अस्पताल पर कार्रवाई के बाद BDA ने शहर के अन्य अस्पतालों से संबंधित पुरानी फाइलों को भी खंगालना शुरू कर दिया है। ऐसे अस्पतालों की जांच की जाएगी, जिन्हें पहले भवन निर्माण नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
जांच के दौरान स्वीकृत मानचित्र, बेसमेंट, पार्किंग, अतिरिक्त मंजिलों, अग्निशमन व्यवस्था और ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट समेत अन्य मानकों की स्थिति देखी जाएगी।
प्रमुख क्षेत्रों के अस्पताल जांच के दायरे में
रामपुर गार्डन, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम, स्टेडियम रोड, पीलीभीत बाईपास और मिनी बाईपास समेत शहर के प्रमुख क्षेत्रों में स्थित अस्पताल BDA की जांच के दायरे में आ सकते हैं।
प्राधिकरण यह भी जांचेगा कि ‘आवश्यक सेवा’ के आधार पर मिली मोहलत के बाद अस्पताल संचालकों ने भवन निर्माण और अन्य निर्धारित नियमों का पालन किया या नहीं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें