बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आंवला सांसद नीरज मौर्य को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष की ओर से सांसद को पत्र जारी कर उत्तर प्रदेश के छह जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में चौपाल एवं कैडर पंचायत आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद नीरज मौर्य को फर्रुखाबाद, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर और उन्नाव की विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच चौपाल एवं कैडर पंचायत आयोजित करनी होगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
इसके साथ ही पार्टी की पूर्व सरकार द्वारा किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। भ्रमण के दौरान सांसद स्थानीय कार्यकर्ताओं से उनके सुझाव और अपेक्षाएं प्राप्त कर उन्हें पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।
सांसद नीरज मौर्य को मिली इस जिम्मेदारी से उनकी संगठनात्मक सक्रियता अब बरेली से बाहर भी बढ़ने की संभावना है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। माना जा रहा है कि छह जिलों में चौपाल और कैडर पंचायत के माध्यम से पार्टी अपने संगठन को और मजबूत करने का प्रयास करेगी।











