बरेली। थाना बहेड़ी पुलिस ने ग्राम भिलइया में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने और सोलर पैनल की बैटरियां चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की गई दो सोलर बैटरियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर 2026 को वादी की तहरीर पर थाना बहेड़ी में मुकदमा अपराध संख्या 675/2026 धारा 298, 303(2), 317(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि ग्राम भिलइया में सड़क किनारे स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा का एक हाथ और चश्मा तोड़ने के साथ ही वहां लगी लाइट, नल और फ्रीजर को भी नुकसान पहुंचाया गया था। इसके अलावा सोलर पैनल की बैटरियां चोरी कर ली गई थीं।
प्लास्टिक के गिलास और नमकीन के पाउच से मिला सुराग
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले प्लास्टिक के गिलास और नमकीन के खाली पाउच को भी जांच का आधार बनाया गया। पुलिस ने आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना पर 1 सितंबर को पुलिस टीम ने गरीबपुरा मोड़ से ग्राम आखा जाने वाले खड़ंजे पर करीब 100 मीटर आगे दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र करन सिंह (23 वर्ष), निवासी ग्राम पुनई, थाना बहेड़ी और सरजीत उर्फ रिंकू पुत्र कृपाल (19 वर्ष), निवासी ग्राम पुनई, थाना बहेड़ी के रूप में हुई है।
दो सोलर बैटरियां बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोलर पैनल की दो बैटरियां बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने 31 अगस्त की रात ग्राम भिलइया में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और सोलर पैनल की बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस का कहना है कि बरामदगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
घटना के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक राजू कुमार, उपनिरीक्षक श्रीनाथ शर्मा, कांस्टेबल आशीष, कांस्टेबल शिवम और कांस्टेबल अर्विसमान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












