मीरगंज। रामगंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज कटान के चलते मीरगंज क्षेत्र के कपूरपुर गांव स्थित प्राचीन मंदिर पर खतरा मंडराने लगा है। नदी की धारा मंदिर के बेहद करीब पहुंचने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। पिछले दिनों से क्षेत्र में लगातार कटान जारी है, जिससे आसपास की कृषि भूमि भी प्रभावित हुई है।
मंदिर को बचाने में जुटा बाढ़ खंड
मंदिर को कटान से बचाने के लिए बाढ़ खंड की टीम ने बचाव कार्य तेज कर दिया है। करीब 200 मीटर क्षेत्र में फ्लड फाइटिंग के तहत ईसी बैग, ट्री अस्पर और परक्यूपाइन समेत अन्य संसाधनों का इस्तेमाल कर नदी के बहाव और कटान को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
बाढ़ खंड के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर बचाव कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली तथा कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
रामगंगा के लगातार कटान से कपूरपुर और आसपास के गांवों के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी पहले ही बड़ी मात्रा में कृषि भूमि को अपनी चपेट में ले चुकी है। अब कटान मंदिर के करीब पहुंचने से धार्मिक स्थल के अस्तित्व को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
प्रशासन और बाढ़ खंड की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने बरसात के बाद कटान रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था किए जाने की भी बात कही है।
संवाददाता रोहिताश कुमार











