कान्हा उपवन में व्यवस्थाएं दुरुस्त, महापौर डा. उमेश गौतम ने किया निरीक्षण

बरेली। महापौर डा. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने मंगलवार को कान्हा उपवन गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान गोवंशों के लिए चारा-पानी, चिकित्सा, सफाई, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकांश व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलने पर महापौर ने अधिकारियों को इन्हें लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में हरा चारा, भूसा और चुनी-चोकर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी संतोषजनक पाई गई। गौशाला में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ईयर टैगिंग, टीकाकरण, दवा और उपचार की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
बीमार गोवंशों के लिए अलग उपचार की व्यवस्था
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंशों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छोटे और बड़े गोवंशों के लिए अलग-अलग भोजन व्यवस्था रखने के साथ उन्हें पर्याप्त जगह, समय पर दवा और नियमित देखरेख उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
गोबर के निस्तारण के लिए बनेगी बाउंड्री
निरीक्षण के दौरान गोबर के निस्तारण को लेकर भी महापौर ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोबर इधर-उधर न बहे, इसके लिए आवश्यक स्थानों पर बाउंड्री बनाई जाए। इससे गौशाला में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
अतिरिक्त चिकित्सकों की होगी तैनाती
गोवंशों की बेहतर चिकित्सा और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बीमार और कमजोर गोवंशों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
हर सप्ताह चलेगा विशेष सफाई अभियान
गौशाला की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए हर सप्ताह विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। परिसर की नियमित सफाई, कचरे के उचित निस्तारण और जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
सुंदरासी में नंदीशाला का जल्द होगा लोकार्पण
महापौर ने सुंदरासी स्थित नंदीशाला का जल्द लोकार्पण कराने के भी निर्देश दिए। इससे नंदी गोवंशों के लिए अलग और व्यवस्थित आश्रय की सुविधा उपलब्ध होगी।
महापौर डा. उमेश गौतम ने कहा कि कान्हा उपवन में जो व्यवस्थाएं बेहतर हैं, उन्हें लगातार बनाए रखना जरूरी है। गोवंशों को समय पर भोजन, स्वच्छ पानी, चिकित्सा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय, पशु कल्याण अधिकारी डा. हरपाल सिंह समेत नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।

संवाददाता रोहिताश कुमार

Jageshwar News
Author: Jageshwar News

Leave a Comment

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें