बरेली। कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को तहसील बहेड़ी स्थित चीनी मिल की नीलामी प्रक्रिया और किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीलामी की अंतिम बोली को लेकर प्राप्त आपत्तियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति या संस्था अधिक मूल्य पर चीनी मिल खरीदने की इच्छुक है तो वह अपनी आपत्ति के साथ प्रस्तावित राशि का डिमांड ड्राफ्ट (डी.डी.) अथवा बैंकर्स चेक जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकती है। इससे नीलामी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ अधिकतम राजस्व प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में किसानों के बकाया गन्ना मूल्य भुगतान को प्राथमिकता देने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसानों का भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा, अधिकारियों ने जानकारी दी कि नवाबगंज स्थित चीनी मिल का मूल्यांकन कार्य पूरा होने के बाद उसकी नीलामी प्रक्रिया भी नियमानुसार कराई जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि दोनों चीनी मिलों की नीलामी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य किसानों के बकाया भुगतान का समाधान निकालना और परिसंपत्तियों का पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना है।












