बरेली। शहर के चौकी चौराहा स्थित ऐतिहासिक गांधी पार्क इन दिनों गंभीर उपेक्षा का शिकार है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर बना यह पार्क अब कूड़े के ढेर, सूखे पत्तों और अव्यवस्था के बीच दुर्दशा की तस्वीर पेश कर रहा है। साफ-सफाई के अभाव ने नगर निगम के स्वच्छता के दावों की पोल खोल दी है।
पार्षद जयप्रकाश राजपूत ने पार्क की खराब स्थिति को लेकर डीएम और नगर आयुक्त को शिकायत पत्र भेजा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा कि यह बेहद विडंबना है कि जिस गांधी ने देश और दुनिया को स्वच्छता का संदेश दिया, उनके नाम से बने पार्क का हाल सबसे ज्यादा खराब है।
पार्षद के मुताबिक पार्क में सूखे पत्तों के ढेर, चारों तरफ कचरा और नियमित सफाई का अभाव है।
स्पष्ट रूप से दिखता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेताओं और अधिकारियों की गांधी भक्ति केवल जयंती तक सीमित रह गई है। उसके बाद पार्क की सुध लेने वाला कोई नहीं होता।
गांधी पार्क की इस हालत से सुबह भ्रमण करने वाले लोग भी खासे नाराज हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गंदगी और बदहाली के कारण पार्क का उपयोग करना मुश्किल होता जा रहा है।
पार्षद जयप्रकाश ने प्रशासन से मांग की है कि गांधी पार्क की नियमित सफाई, सौंदर्यीकरण, और कचरे के निस्तारण के उचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई न होने पर वे आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।












