बरेली। किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज में एक महिला के मकान में चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मुखबिर की सूचना पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं और दो युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़कर गिरफ्तार किया। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी मिली है।
जानकारी के अनुसार, 23 मार्च को किला पुलिस को सूचना मिली थी कि साबरी मस्जिद के पास रहने वाली एक महिला अपने घर में देह व्यापार संचालित कर रही है। बताया गया कि महिला कमरे और बेड उपलब्ध कराकर 500 से 1000 रुपये प्रति घंटा वसूलती थी और युवकों को व्हाट्सऐप पर फोटो भेजकर बुलाया जाता था।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और मकान में छापा मारा, जहां दो युवक और दो महिलाएँ आपत्तिजनक स्थिति में मिले। सभी को गिरफ्तार कर किला थाने ले जाया गया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मकान में काफी समय से यह अवैध गतिविधि चल रही थी, जिससे मोहल्ले में रहने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।












