बरेली। पॉश कॉलोनी रामपुर गार्डन में रविवार देर रात हाई-टेक तरीके से कार चोरी की वारदात सामने आई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की सुनियोजित साजिश साफ नजर आ रही है।
कारोबारी के घर के बाहर खड़ी कार बनाई निशाना
कॉलोनी निवासी कारोबारी रवि खंडेलवाल के बेटे अर्जुन खंडेलवाल की क्रेटा कार को चोरों ने निशाना बनाया। खास बात यह रही कि चोर खुद भी एक क्रेटा कार में सवार होकर मौके पर पहुंचे थे, जिससे उनकी प्लानिंग का अंदाजा लगाया जा सकता है।
मिनटों में वारदात को दिया अंजाम
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, चोरों ने पहले अपनी कार को लक्ष्य वाहन के बराबर खड़ा किया। इसके बाद एक चोर ने कार का शीशा तोड़ा और अंदर घुस गया। कुछ ही मिनटों में उसने लॉक सिस्टम को तोड़कर कार स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया। चोरी इतनी तेजी और खामोशी से की गई कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
पहले भी हो चुकी है चोरी की कोशिश
सोमवार सुबह जब परिवार को कार चोरी का पता चला तो हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पूरी घटना सामने आई। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी कॉलोनी में तीन दिन पहले भी एक अन्य कारोबारी की क्रेटा कार चोरी करने का प्रयास किया गया था। इससे साफ है कि चोरों का गिरोह पहले से इलाके की रेकी कर रहा था।
लोगों में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
पॉश कॉलोनी में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि जब हाई-प्रोफाइल इलाकों में भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जगहों की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।












