बरेली। दरोगा भर्ती परीक्षा के चलते बरेली रेलवे स्टेशन पर शनिवार और रविवार को भारी भीड़ देखने को मिली। रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें चलाई गई थीं, लेकिन बाहर से आए अभ्यर्थियों की संख्या के आगे ये ट्रेनें भी नाकाफी साबित हुईं।
परीक्षा के बाद घर लौटने के लिए अभ्यर्थियों ने स्पेशल और नियमित ट्रेनों में सीट पाने के लिए जमकर धक्कामुक्की की। इससे सामान्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे ने 04350/04349 बिजनौर-बरेली-बिजनौर अनारक्षित स्पेशल और 04247/04248 लखनऊ-शाहजहांपुर लखनऊ अनारक्षित स्पेशल ट्रेन सहित अप-डाउन में 10 गाड़ियों में अतिरिक्त कोच लगाए थे, लेकिन भीड़ इतनी ज्यादा थी कि अभ्यर्थियों को ट्रेनों में सवार होने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।
परीक्षा समाप्ति के बाद घर वापसी की जल्दबाजी में अभ्यर्थियों ने नियमित गाड़ियों के आरक्षित कोचों पर भी कब्जा कर लिया। इसके चलते यात्रियों को असुविधा उठानी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए बरेली जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी के साथ सिविल पुलिस भी तैनात की गई। प्लेटफार्म एक और दो पर भीड़ सबसे अधिक रही।
अभ्यर्थी खिड़कियों और गाड़ियों के दरवाजों के माध्यम से सीट पाने की कोशिश करते दिखे। वहीं, सिटी स्टेशन, इज्जतनगर स्टेशन और पुराने व सेटेलाइट बस अड्डों पर भी परीक्षा खत्म होने के बाद भारी भीड़ बनी रही।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि अगले दिनों भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, लेकिन अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अनुशासित होकर सवारी करें, ताकि अन्य यात्रियों को परेशानी न हो।












