बरेली। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े एथेनॉल से भरे टैंकर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक जा घुसा। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से 22 वर्षीय हेल्पर जमाल की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग बुझने के बाद मौके से उसके शरीर के अवशेष मिले। वहीं, चालक समेत तीन लोगों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।
गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
घटना फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में संजीव गुप्ता के होटल के सामने हुई। जानकारी के मुताबिक, पानीपत से बिहार के हाजीपुर जा रहे ट्रक के सामने अचानक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक वसीम अहमद ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खड़े एथेनॉल टैंकर से जा टकराया।
दोनों वाहनों में लगी भीषण आग, हेल्पर अंदर फंसा
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई। चालक वसीम, नसीम और नूरे मुजस्सिम किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे, लेकिन 22 वर्षीय हेल्पर जमाल आग की लपटों में फंस गया। हादसे में चालक वसीम घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दो घंटे तक धधकते रहे वाहन, हाईवे पर यातायात प्रभावित
आग की ऊंची लपटों से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर यातायात रोकना पड़ा। आग की चपेट में आने से पास स्थित पंचर की दुकान के टायर और अन्य सामान भी जलकर राख हो गए।
हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।









