**बरेली।** सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ इलाके में गुरुवार देर रात करीब 1:30 बजे सड़क किनारे खड़े दो वाहनों में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर छोटा हाथी और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। देखते ही देखते दोनों वाहन आग की लपटों से घिर गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आधी रात अचानक दोनों वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग का विकराल रूप देखकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों वाहन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुके थे।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। आग लगने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।








