बरेली। जिले के बारादरी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्चे के साथ दुराचार के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान शिवम उर्फ कल्लू पुत्र सोमपाल निवासी मोहल्ला गोपालनगर, थाना बारादरी, बरेली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 18 नवंबर 2026 को संजयनगर पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को पीड़ित पक्ष की ओर से थाना बारादरी में तहरीर देकर आरोप लगाया गया था कि आरोपी शिवम उर्फ कल्लू ने बहला-फुसलाकर उसके 14 वर्षीय बेटे को अपनी डेयरी पर ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 1435/2026 के तहत बीएनएस की धारा 140(4) और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
मामले में आरोपी की तलाश के लिए बारादरी पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी। बुधवार, 18 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संजयनगर पेट्रोल पंप के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान वादी और गवाहों के बयान, घटनास्थल के निरीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) की वृद्धि की गई है। आरोपी को रिमांड के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने क्या बताया?
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पढ़ा-लिखा नहीं है और कोई काम नहीं करता है। वह डेयरी पर ही रहता था। आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि घटना के समय वह नशे में था। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिप रहा था।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में:
* प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, थाना बारादरी।
* उपनिरीक्षक सतेंद्र चौहान, चौकी प्रभारी जोगी नवादा।
* हेड कांस्टेबल 1277 सुमित कुमार, थाना बारादरी शामिल रहे।




